जशपुरनगर। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री (बीज, खाद व कीटनाशक) उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिलेभर में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड मनोरा में कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने कीटनाशक दुकानों पर औचक छापेमारी कर अनियमितता पाए जाने पर सख्त कदम उठाया है। उपविभागीय अधिकारी (कृषि) श्री कवच भगत के मार्गदर्शन में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक निरीक्षक श्री पूनम लाल केरकेट्टा और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मनोरा की टीम ने क्षेत्र की कई दुकानों की जांच की।
जांच के दौरान अंसारी बीज भंडार (मनोरा) तथा श्रीकृष्णा बीज भंडार (मनोरा) में उपलब्ध कुछ विशेष कीटनाशकों के मानक स्तर पर संदेह पाया गया। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कीटनाशक अधिनियम 1968 एवं नियम 1971 के नियम 21(1)(डी) के तहत दोनों दुकानों में संबंधित कीटनाशकों की बिक्री, वितरण और स्थानांतरण पर 20 दिनों अथवा लैब जांच रिपोर्ट आने तक के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने टेगिया बीज भंडार (आस्ता) का भी निरीक्षण किया और प्रयोगशाला परीक्षण हेतु कीटनाशक का नमूना (सैंपल) दर्ज कर जांच के लिए भेजा। कृषि विभाग ने संबंधित विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि प्रतिबंधित स्टॉक को सुरक्षित रखें और मांगे जाने पर सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने पर कीटनाशक अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मनोरा में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो कीटनाशक विक्रेताओं की बिक्री पर रोक



