रायगढ़। उत्तर प्रदेश स्थित अघोर गुरु पीठ बनोरा की ललितपुर स्थित शाखा परम पूज्य अवधूत भगवान राम सेवा आश्रम में आयोजित निशुल्क चिकित्सा शिविर मे 102 मरीजों को जांच का लाभ मिला। पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के निर्देशन में प्रेरणा परमार्थ आश्रम के तत्वाधान में आयोजित निशुल्क चिकित्सा शिविर के जरिये 102मरीजों को स्वास्थ्य लाभ मिला। इस आश्रम की स्थापना अघोर मूर्ति कर्म योगी भैया जी के कर कमलों से की गई थी। अवधूत भगवान राम सेवा आश्रम भोरसिल ललितपुर में रविवार को प्रात: दस बजे शिविर प्रारंभ हुआ। शाम 5 तक जारी शिविर में आने वाले मरीजों का चिकित्सा के पहले पंजीयन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ अमृत लाल, डॉ सुनील पटेल व डॉ के एस मिश्रा की मौजूदगी रही। शिविर में आए मरीजों का चिकित्सीय परीक्षण कर उपचार एवं रोगों के अनुसार निशुल्क औषधि वितरण किया गया। ये मरीज भोरसिल,भीघा खेत, बिरधा, लखनपुरा, बार, नंदीपुरा, नदनवारा, बांशी, अल्हापुर, महरौनी, तालबेहट, जगपुरा, सिमरा, बंदपुरा, कुआतला, डोंगरा, ग्रामों भोरसिल, नंदनवार, लखनपुर, वासी, बांदीपुरा, तेरईफटक, नयागांव, अल्लापुर, सद्गदा, कला, वस्त्रवान से आए थे। डॉ सुनील पटेल ने शिविर में आए मरीजों को जीवन शैली के जरिए उपचार की आर्युवेद पद्धति से विस्तार से अवगत कराया। खान पान,जीवन शैली एवं प्राकृतिक जड़ीबूटियां का इस्तेमाल कर गंभीर बीमारियों का उपचार आसानी से किया जा सकता है। जीवन में आर्युवेद पद्धति को अपनाए जाने पर जोर देते हुए कहा यह पद्धति पुरातन एवं प्राकृतिक है। आहार विहार एवं दिनचर्या सुधार के जरिये बिना दवा के सेवन से भी आसानी से स्वयं को स्वस्थ रखा जा सकता है।व्यवस्थापक कौशिक के जरिए बाबा के तैल चित्र के पूजन के पश्चात शिविर का शुभारंभ किया गया।



