खरसिया। कैलाश शर्मा। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को खरसिया शहर में शांति, सौहार्द और उत्साह के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से आज रेस्ट हाउस खरसिया में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, एसडीएम प्रवीण भगत, एसडीओपी सतीश भार्गव, उपाध्यक्ष बंटी सोनी, विजय शर्मा, भोगीलाल यादव सहित क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक और पत्रकार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बिजली तारों से दूरी बनाए रखने के निर्देश
प्रशासन ने आयोजन समितियों को निर्देशित किया कि मटकी फोड़ का आयोजन बिजली के तारों के आसपास न करें ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। पुलिस व प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
श्रद्धा भक्ति उल्लास और गरिमा के साथ मनाएं त्योहार – कमल गर्ग
नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने सभी नगरवासियों से श्रद्धा भक्ति उल्लास और गरिमा के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाने का आह्वान किया। एसडीएम प्रवीण भगत एवं एसडीओपी सतीश भार्गव ने शहर में आयोजित होने वाले जन्माष्टमी महापर्व पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और मटकी फोड़ अन्य प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी ली।
यादव समाज की भव्य शोभायात्रा
जन्माष्टमी के अवसर पर यादव समाज द्वारा टाउनहॉल स्थित पंडित दीनदयाल सभा भवन से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई मुख्य कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी, जहाँ भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।



