रायगढ़। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए शुक्रवार तडक़े से ही शहर के केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही यात्रियों का आना शुरू हो गया था, जो दोपहर तक लगातार जारी रहा। इस दौरान यहां से रवाना होने वाली लगभग सभी बसों में यात्रियों की संख्या क्षमता से अधिक दिखाई दिया, जिससे कठिनाइयों के बीच यात्रियों को सफर करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर विगत चार दिन पहले से ही लोग अपने गृहग्राम जाने लगे थे, जिससे दिगर प्रांतों की बसों की सीट पहले से ही बुक हो जा रही थी, लेकिन रायगढ सहित आसपास के लोग शुक्रवार सुबह से ही निकलना शुरू किया था। इस दौरान रायगढ़ से विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए निकलने वाली लोकल बसें यात्रियों से खचाखच भरी हुई थीं। कई बसों में तो यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी, जबकि कुछ यात्रियों को अपनी बस का इंतजार करने के लिए काफी देर तक प्रतीक्षा करना पड़ा। यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण बस स्टैंड परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा। बस स्टैंड में यात्रियों की भीड़ के चलते चढऩे-उतरने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, दोपहर बाद धीरे-धीरे यात्रियों की संख्या कम होने लगी। शाम होते-होते बस स्टैंड लगभग खाली हो गया और सामान्य दिनों जैसा माहौल लौट आया।
इस संबंध में केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड पहुंचे यात्रियों ने बताया कि लंबी दूरी के बसों में लोकल यात्रियों को जगह नहीं दी जा रही थी, क्योंकि उनकी सीटे पहले से ही बुक होने के कारण उसमे जगह नहीं थी, लेकिन लोकल बसे जैसे ही स्टैंड में पहुंच रही थी, वैसे ही लोग चढऩे के लिए टूट पड रहे थे, लेकिन इस भीड़ को देखते हुए बस एजेंटों द्वारा बस के गेट पर खड़े होकर टिकट लिए यात्रियों को ही प्रवेश दे रहे थे, जिससे कई यात्री टिकट लेने के बाद भी जगह नहीं मिलने के कारण उनको उसके पीछे जाने वाली बसों में बैठा जा रहा था। ऐसे में दोपहर तक बस स्टैंड में काफी भीड़ देखी गई।
रक्षाबंधन पर बस स्टैंड में लगी रही यात्रियों की भीड़, सुबह से दोपहर तक बसें खचाखच भरी रहीं



