रायगढ़। राज्य शासन की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार आम लोगों के लिए भरोसे और राहत का माध्यम बनता जा रहा है। नगर पालिक निगम द्वारा आयोजित पहले शिविर में प्राप्त 64 आवेदनों में से आधे से अधिक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई। शिविर में कई ऐसे मामले सामने आए, जिनका वर्षों से समाधान नहीं हो पाया था, लेकिन सुशासन तिहार के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया।
इसी क्रम में सरस्वती जायसवाल एवं तारा गुप्ता को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वयं का आशियाना मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ। दोनों हितग्राहियों ने बताया कि लंबे समय से वे स्थाई आवास की प्रतीक्षा कर रही थीं। किराए के मकान में रहने के कारण अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी था। इसके बाद उन्होंने विधिवत आवेदन किया। निगम के अधिकारियों ने आवेदन पर गंभीरता से पहल करते हुए आवश्यक कार्रवाई की और उन्हें योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी कराई। अपने घर का सपना साकार होने पर दोनों हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, महापौर श्री जीवर्धन चौहान एवं निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं राकेश कुमार एवं अजय कुमार को उनके बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। दोनों ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने से बच्चों के स्कूल प्रवेश सहित कई आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे थे। शिविर में आवेदन प्रस्तुत करने के बाद निगम के संबंधित विभाग द्वारा दस्तावेजों का परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई करते हुए जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान करना है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए निगम प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। शिविरों के माध्यम से लोगों को घर के नजदीक ही समाधान मिल रहा है, जिससे आमजन में विश्वास बढ़ा है।
नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और प्रशासन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि पहले शिविर में प्राप्त 64 आवेदनों में से आधे से अधिक मामलों का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों पर भी तेजी से कार्रवाई जारी है। आयुक्त श्री क्षत्रिय ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे और नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सुशासन तिहार इसी सोच को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
सुशासन तिहार बना आमजन की उम्मीदों का उत्सव
सरस्वती जायसवाल और तारा गुप्ता को मिला खुद का आशियाना, राकेश कुमार एवं अजय कुमार को मिला बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र, पहले शिविर में प्राप्त 64 आवेदनों में से आधे से अधिक का तत्काल निराकरण



