रायगढ़। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर रायगढ़ जिले के शिक्षकों द्वारा शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांगों को लेकर 25 अगस्त 2026 मंगलवार को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में एकत्रित होकर सभा के पश्चात विशाल रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, वित्तमंत्री एवं विभागीय सचिवों के नाम ज्ञापन सौपकर अपने मांगों पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए उनके निराकरण की मांग की गई। रायगढ़ जिला के विभिन्न विकास खण्डों से पहुंचे शिक्षक संवर्ग की इस रैली में हजारों की संख्या में महिला शिक्षक भी शामिल थे ।
रैली से पूर्व मिनी स्टेडियन में संघर्ष मोर्चा के जिला संचालकों द्वारा शिक्षक संवर्ग के प्रति शासन द्वारा किए जा रहे मनमानी और दो मुंही नीतियों का जोरदार विरोध करते हुए अपना अपना उद्बोधन दिया गया । कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक आशीष रंगारी , प्रांतीय उप संचालक गिरिजाशंकर शुक्ला, जिला संचालक त्रय – भोजराम पटेल , नेतराम साहू एवं राजकमल पटेल तथा प्रांतीय उप संचालक बिनेश भगत ने भी संबोधित किया । कार्यक्रम का संचालन उप संचालक कार्तिक चौहान द्वारा किया गया । अपने – अपने उद्बोधन में शिक्षक नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षकों के लिए सुप्रिम कोर्ट का बहाना लेकर टेट की अनिवार्यता थोपी जा रही है जिससे शिक्षकों में अपनी सेवा सुरक्षा को लेकर जबकि सुप्रीम कोर्ट के ही निर्णय सोना साहू प्रकरण में वित्तिय भार का बहाना बनाकर कोर्ट के निर्णय को नजर अंदाज किया जा रहा है। शिक्षक नेताओं ने मांग किया कि शासन टेट की अनिवार्यता को विभागीय रूप से सम्पन्न कराकर इसका समाधान करें।
कलेक्टरेट परिसर के बाहर किया गया नारेबाजी
शिक्षक संघर्ष मोर्चा द्वारा शहीद कर्नल बिप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम से विशाल रैली निकालकर नारा लगाते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। पुलिस की चाक चौबंध व्यवस्था में शिक्षकों के ज्ञापन को प्राप्त करने के लिए कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में डिप्टी कलेक्टर धनराज सिंह मरकाम कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार के सामने पहुंचकर शिक्षको से ज्ञापन प्राप्त किये एवं शिक्षकों की मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान शिक्षकों द्वारा अपने मांगों के पक्ष में प्रदर्शन और जोरदार नारों से कलेक्ट्रेट परिसर गूंज उठा।



