रायगढ़। ईद-ए-मिलाद का पर्व जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने को लेकर आज जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में पर्व के दौरान आवश्यक प्रशासनिक एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि ईद-ए-मिलाद के अवसर पर शोभायात्रा शाम 3 बजे से 7 बजे तक निकाली जाएगी। इसका रूट चांदनी चौक, सुभाष चौक, स्टेशन, सत्तीगुड़ी चौक और जामा मस्जिद रहेगा। शोभायात्रा के दौरान रैली एवं वाद्ययंत्रों के साथ बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। हंडी चौक के पास आवश्यकता अनुसार रूट डायवर्जन किया जाएगा। शोभायात्रा के दौरान प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। साथ ही सडक़ किनारे खड़े वाहनों को हटाने तथा भीड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम ने कहा कि रायगढ़ जिले में सभी पर्व एवं त्योहार आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की परंपरा रही है। ईद-ए-मिलाद का पर्व भी इसी भावना के साथ शांतिपूर्वक मनाया जाए। उन्होंने समाज प्रमुखों एवं आयोजन से जुड़े प्रतिनिधियों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से भरपूर सहयोग दिया जाएगा। किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता होने पर प्रशासन के कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है। कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर 9479193299 है।
ईद-ए-मिलाद पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने शांति समिति की बैठक आयोजित
शोभायात्रा के रूट, ट्रैफिक, पार्किंग सहित व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा



