रायपुर। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय मंत्रिमंडल के विस्तार की खबरों के बीच एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल को लेकर एक अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में नए मंत्रियों के नामों को अंतिम रुप दिया जाएगा। बीजेपी कोर कमेटी के भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा की मुलाकात में छत्तीसगढ़ में संभावित आठ मंत्रियों के नाम फायनल होने की संभावना है।
मंत्रियों का शपथ ग्रहण विधानसभा का सत्र समाप्त होने के बाद 22 दिसंबर को होने की संभावना है। 22 दिसंबर को मुख्यमंत्री साय फिर एक बार दिल्ली जाएंगे। इस बीच इंडोर स्टेडिय में शपथ ग्रहण की चल रही तैयारियों की वजह से यह खबर तेजी से फैल गई कि मंत्री कल ही शपथ लेंगे।
वहीं छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल को लेकर सोशल मीडिया में अटकलों के आधार पर कुछ नाम चल रहे हैं मगर वास्तविकता यह है कि अभी लिस्ट फायनल नहीं हुई है। सीएम विष्णुदेव साय समेत कुछ नेता कल दिल्ली गए थे, वे अपना सुझाव दिए हैं। मगर अंतिम निर्णय अमित शाह और जेपी नड्डा की बैठक में होगा। दोनों नेता तय करेंगे कि मंत्रिमंडल में कितने नाम पुराने होंगे और कितने नए। अभी मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम नए कोटे से चुने गए हैं। मुख्यमंत्री को छोडक़र कुल 12 मंत्री की सीटें हैं। इनमें से दो बन गए हैं। और दो लोकसभा चुनाव के बाद के लिए आरक्षित रखी जाएंगी। याने अभी आठ मंत्री शपथ लेंगे। अब देखना है कि शाह और नड्डा इनमें से कितने नए और कितने पुराने के नाम पर टिक लगाते हैं।
अफसरों ने फैलाया रायता
छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का कल शाम शपथ ग्रहण होगा…आज शाम तेजी यह खबर वायरल हुई। दरअसल, इंडोर स्टेडियम में आज सुबह से जोर-शोर से तैयारी चल रही थी। मंच के साथ वीआईपी कुर्सियां सजा दी गई। दोपहर बाद जब स्वागत द्वार बीजेपी के रंगों में सजने लगा तो मीडिया कर्मियों के कान खड़े हुए। उसके बाद खबर चलने लगी कि कल शाम मंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने अति उत्साह में शपथ ग्रहण की तैयारी शुरू करने का निर्देश दे दिया, ये सोचकर कि आजकल में इस पर फैसला तो होगा ही। जबकि, आमतौर पर पार्टी मुख्यालय या फिर सरकार से अधिकृत जानकारी मिले बिना इस तरह की तैयारी शुरू नहीं की जाती। मगर अफसरों ने अति उत्साह में स्थिति हास्यपद कर दी। वैसे चर्चा पहले से थी कि तीन दिन का सत्र समाप्ती के बाद 22 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली जाएंगे। और उसी के आसपास मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण होगा। यानी यह क्लियर था कि सत्र के बाद ही शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
ये नाम हो सकते मंत्रिमंडल में शामिल
सूत्रों की मानें तो कल छत्तीसगढ़ में आठ नए मंत्री शपथ ले सकते हैं, जिसमें बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, लता उसेंडी, ओपी चौधरी, केदार कश्यप, दयालदास बघेल, रेणुका सिंह, धरम लाल कौशिक जैसे दिग्गज नेताओं का नाम शामिल है.