रायगढ़. मेडिकल कालेज के इंटर्न एमबीबीएस डाक्टर स्टाइपेंड की मांग को लेकर विगत 15 दिनों से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर थे, लेकिन अब स्वास्थ्य मंत्री से अश्वासन मिलने के बाद 30 अगस्त तक हड़ताल को स्थगित कर काम पर लौट गए हैं।
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमबीबीएस इंटर्न डाक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर विगत 4 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया था, जो प्रतिदिन अस्पताल के मुख्य गेट पर प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों पर अड़े हुए थे। इनका कहना था कि अन्य राज्यों में स्टाइपेंड ज्यादा है, लेकिन छत्तीसगढ़ में बहुत कम होने के कारण इनको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मंगलवार को इंटर्न डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर में स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की। दोनों के बीच सुबह और फिर रात में दोबारा चर्चा हुई। इससे स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने इसी महीने मांगों पर जरूरी और सकारात्मक फैसला लेने के लिए विभागीय प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही। इससे आश्वासन मिलने के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल 30 अगस्त तक स्थगित करते हुए बुधवार से काम पर लौट गए हैं। साथ ही इंटर्न डाक्टर राधेश्याम ने बताया कि अभी आंदोलन को समाप्त नहीं किया गया हैं, अगर 30 अगस्त तक साकारात्मक निर्णय नहीं आता है तो प्रदेश के पदाधिकारियों के फैसले के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल 30 अगस्त तक स्थगित
आश्वासन के बाद डाक्टर लौटे काम पर



