सारंगढ़। स्वतंत्रता दिवस पर जहां एक ओर पूरा देश तिरंगे के गौरव में डूबा था वहीं ग्रापं सिंगारपुर में देशभक्ति के साथ आत्मीयता और जनसेवा का एक ऐसा भावुक दृश्य उभरा, जिसने हर दिल को छू लिया। इस खास मौके पर भाजपा सालर-मल्दा मंडल अध्यक्ष योगेश पटेल ने संवेदन शीलता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए गांव के बुजुर्गों और नन्हे बच्चों को छतरियां भेंट कीं। बारिश और धूप के इस मौसम में जब योगेश पटेल ने अपने हाथों से बुजुर्गों को छतरी सौंपी, तो बुजुर्गों की नम आंखों और उठते हुए आशीष देने वाले हाथों ने पूरे माहौल को भावुक कर दिया। छतरी पाते ही मासूम बच्चों के खिलखिलाते चेहरों और उनकी बेपराह हंसी ने प्रांगण को खुशियों के रंगों से भर दिया। ग्रामीणों ने भावुक होते हुए दिल खोलकर योगेश पटेल की तारीफ की और कहा कि किसी जरूरतमंद के सिर पर साया बनना ही सच्ची देशभक्ति और मानवता की सबसे बड़ी पूजा है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जब देशभक्ति के तरानों पर अपनी निष्पाप प्रस्तुतियां दीं, तो वहां मौजूद हर ग्रामीण और जन-प्रतिनिधि का दिल गर्व और प्यार से भर गया। तालियों की गड़ गड़ाहट से पूरा सिंगारपुर गूंज उठा। इस बेहद भावुक और यादगार क्षण में सरपंच आशाराम चौहान, उप सरपंच शेखर पटेल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष खीर सागर पटेल, लक्ष्मीनारायण पटेल, भुवनेश्वर पटेल, विजय पटेल, संस्था प्रमुख सुशील सिदार, शिक्षिका गीता सिदार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विनीता पटेल, पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे, जिन्होंने योगेश पटेल की इस सेवा भावना की मुक्त कंठ से सराहना की।
स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों व बुजुर्गों को भेंट की छतरियां : योगेश पटेल



