रायगढ़। तमनार मोबाइल टावर से एयरटेल एवं जिओ कंपनी के कॉपर केबल वायर चोरी मामले में एक युवक एवं चोरी का माल खरीदने वाली महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक 12 अगस्त को प्रार्थी राहुल तिवारी, जो मोबाइल टावर कंपनी में क्लस्टर इंजीनियर के पद पर कार्यरत ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि केलो विहार तमनार स्थित मोबाइल टावर में साइट डाउन का अलार्म प्राप्त हुआ था। उस समय प्रार्थी रायगढ़ में था, जिस पर उसने टावर के टेक्नीशियन चंद्रसेन कुर्रे को मौके पर जाकर जांच करने भेजा। टेक्नीशियन द्वारा जांच करने पर पता चला कि टावर में लगे एयरटेल एवं जिओ कंपनी के करीब 50-60 मीटर कॉपर केबल वायर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये को अज्ञात चोर काटकर चोरी कर ले गए हैं। सूचना पर प्रार्थी ने मौके पर पहुंचकर देखा तो केबल वायर कटा हुआ मिला। रिपोर्ट पर थाना तमनार में धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुधरीखार निवासी शिवम सिदार इस तरह की चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहता है। इससे पुलिस टीम तत्काल शिवम सिदार के घर दबिश देकर उसे अभिरक्षा में लिया और पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया अपने साथी धनुंजय निवासी कुधरीखार, तमनार के साथ मिलकर मोबाइल टावर से कॉपर वायर चोरी करना तथा चोरी का सामान कुधरीखार निवासी महिला शांति प्रजा को बेचना बताया। आरोपी शिवम सिदार के कब्जे से 200 रुपये नकद बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार शांति प्रजा अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में महिला ने शिवम सिदार एवं धनुंजय से चोरी का कॉपर वायर खरीदना स्वीकार किया। उसके कब्जे से करीब 02 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
मोबाइल टावर से कॉपर वायर चोरी, युवक व चोरी का माल खरीदने वाली महिला गिरफ्तार



