सारंगढ़। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार की वन नीतियों और कॉर्पोरेट-परस्त रवैये के खिलाफ तीखा हमला बोला है। मंडल अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष (अनुसूचित जाति विभाग) रमेश खूंटे के नेतृत्व में गृह ग्राम चंदाई में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘एक पेड़ अडानी के नाम’ लगाकर सरकार की नीतियों का विरोध किया। रमेश खूंटे ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो आदिवासी समाज सदियों से जल, जंगल और जमीन का असली रक्षक रहा है, आज भाजपा सरकार उसी के अस्तित्व पर हमला कर रही है। एक तरफ ‘एक पेड़ मां के नाम’ और वन महोत्सव जैसे अभियानों का ढोंग रचा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ उद्योगपतियों के फायदे के लिए हरे-भरे जंगलों की अंधाधुंध बलि दी जा रही है। रमेश खूंटे ने कड़ा प्रहार करते हुए कहा, अगर सरकार की मंशा जंगलों को काटकर प्राकृतिक संसाधन सिर्फ अडानी जैसे उद्योगपतियों की तिजोरी में भरने की है, तो दिखावे का वन महोत्सव बंद करे। इसी दोहरे चरित्र को बेनकाब करने के लिए हमने ‘एक पेड़ अडानी के नाम’ लगाया है।उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ की हरियाली और समृद्ध प्राकृतिक संपदा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ प्रदेश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि जंगलों की वास्तविक सुरक्षा नहीं की गई, तो कांग्रेस सडक़ से सदन तक बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। इस विरोध प्रदर्शन और पौधरोपण कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र वारे, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र पुराइन, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष सागर दीवान, राहुल खूंटे, योगेंद्र भारद्वाज, बाबूलाल भारद्वाज, दीनदयाल मैत्री, रमेश भारद्वाज, भरत भारद्वाज, कमलेश, राकेश मैत्री, सुजीत वारे, सूरज कुर्रे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



