जांजगीर-चांपा। कचहरी चौक जांजगीर से शुरू हुई एक सनसनीखेज वारदात का जांजगीर-चांपा पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों ने लिफ्ट मांगने के बहाने युवक की मोटरसाइकिल रुकवाई और सुनसान स्थान पर ले जाकर लूटपाट की नीयत से उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद युवक का मोबाइल और पर्स लूटकर आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, ग्राम खोखरा निवासी राजेंद्र सूर्यवंशी रविवार की रात करीब 10 बजे अपनी मोटरसाइकिल से ग्राम खोखरा से चांपा की ओर जा रहा था। जांजगीर में कचहरी चौक के पास विधि से संघर्षरत दो बालकों ने उससे लिफ्ट मांगी। युवक उन्हें बैठाकर आगे बढ़ा, लेकिन होंडा शोरूम के समीप सुनसान स्थान पर आरोपियों ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए और उसका मोबाइल व पर्स लूट लिया। घायल युवक राजेंद्र सूर्यवंशी ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे, कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता तथा साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर चश्मदीदों से पूछताछ की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तेज जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया। मामले में विस्तृत पूछताछ जारी है तथा पुलिस घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
लिफ्ट मांगकर युवक की हत्या, विधि से संघर्षरत दो बालक चंद घंटों में पुलिस अभिरक्षा में
लूट की नीयत से सुनसान जगह पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, मोबाइल व पर्स लूटकर हुए थे फरार, घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों की मदद से कोतवाली पुलिस ने किया वारदात का खुलासा



