जशपुर। जिले में 58 साल की हरावती बाई की हत्या मामले में पुलिस ने मृतका के बेटे और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक महिला के बेटे का पड़ोस में रहने वाली महिला श्यामपति बाई के साथ अफेयर था। वहीं जमीन को लेकर दोनों परिवारों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस बात को लेकर हुए झगड़े में श्यामपति बाई और उसकी मां बुधमति बाई ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद श्यामपति ने अपने प्रेमी को उसकी मां की हत्या की जानकारी दी और चुप रहने के लिए कहा। इसके बाद आरोपियों ने शव को कई दिनों तक घर में छिपाकर रखा। जब शव से बदबू आने लगी और मामला खुलने का डर सताने लगा तो रात में शव को घर से निकालकर पास में बन रहे आंगनबाड़ी भवन के पास ले गए और रेत में दफना दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतका के बेटे समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला दोकड़ा चौकी इलाके का है।
इस संबंध में पुलिस के मुताबिक, हरावती बाई (58) अपने बेटे भूषण राम (29) के साथ बंदरचुआ रौतियाबस्ती में रह रही थी। हरावती का पड़ोस में रहने वाली श्यामपति बाई (42) के साथ जमीन विवाद था। जमीन को लेकर आए दिन दोनों में विवाद होता रहता था। वहीं, भूषण राम का श्यामपति बाई के साथ पिछले पांच साल से अफेयर चल रहा था। 24 जुलाई 2026 की रात एक बार फिर हरावती और श्यामपति बाई के बीच जमीन को लेकर झगड़ा हुआ। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि श्यामपति बाई और उसकी मां बुधमति बाई ने मिलकर हरावती बाई की गला दबाकर हत्या कर दी। अगले दिन जब भूषण राम को इस घटना की जानकारी मिली तो दोनों महिलाओं ने उसे किसी से भी इस बारे में कुछ नहीं बताने के लिए कहा। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को कुछ दिनों तक घर के अंदर ही छिपाकर रखा। कुछ दिन बाद शव से बदबू आने लगी तो तीनों को राज खुलने का डर सताने लगा। इसके बाद भूषण राम, श्यामपति बाई और बुधमति बाई ने रात के अंधेरे में शव को घर से बाहर निकाला। फिर पास में बन रहे आंगनबाड़ी भवन के पास गड्ढा खोदकर शव को रेत में दफना दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। लेकिन 30 जुलाई को बंदरचुआ रौतियाबस्ती में हरावती बाई के घर से तेज बदबू आने लगी। घर पर ताला लगा देखकर आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को खबर की। पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम व नायब तहसीलदार की मौजूदगी में जांच शुरू की। तलाशी के दौरान पास ही बन रहे आंगनबाड़ी भवन के पास रेत में दफन एक महिला का शव मिला। शव की पहचान हरावती बाई के रूप में हुई।
बेटे पर शक होने से हुआ खुलासा
पुलिस को जांच में हरावती बाई के बेटे भूषण राम की हरकतें शक के दायरे में आईं। वह अपनी मां के अंतिम संस्कार में भी मौजूद नहीं था और लगातार घर से दूर रह रहा था। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। भूषण राम ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाली श्यामपति बाई से पिछले करीब पांच सालों से उसका अफेयर चल रहा था। इसके अलावा उसकी मां हरावती बाई और श्यामपति बाई के परिवार के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था।
पुलिस ने शव दफनाने में इस्तेमाल हुआ फावड़ा और अन्य सामान बरामद कर लिया है। घटनास्थल की जांच, एफएसएल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और आरोपियों के कबूलनामे के आधार पर तीनों की संलिप्तता साबित होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में श्यामपति बाई (42 साल), बुधमति बाई (65 साल) और भूषण राम (29 साल) शामिल हैं। तीनों को 1 अगस्त 2026 को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



