रायगढ़। 16 साल के नाबालिग लडक़े की हत्या के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों शिवम बरेठ (20) और शिवम बानी (23) को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि शिवम बानी जिस लडक़ी से एकतरफा प्यार करता था, चक्रधर समारोह के दौरान आरोपियों ने नाबालिग को उस लडक़ी के साथ देखा था।
इसके बाद आरोपियों ने नाबालिग को रामलीला मैदान के पास बुलाया। वहां उसका मोबाइल छीन लिया और उसे सुनसान जगह पर ले गए। वहां आरोपियों ने लडक़ी से दोबारा नहीं मिलने की बात को लेकर नाबालिग को धमकाया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने पत्थर से नाबालिग का सिर कुचल दिया। घटना के बाद शव को रामभांटा स्थित खाली प्लाट में छोडक़र फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल और घटना के समय पहने खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रामभांठा में पुराने बस डिपो के पास संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक नाबालिग का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। मौके पर पहुंचे मृतक के पिता ने शव की पहचान अपने 16 वर्षीय बेटे धनुर्जय चौहान के रूप में की। मृतक का परिवार मूल रूप से लैलूंगा के ग्राम घटगांव का रहने वाला है और पिछले 4 साल से रामभांठा में रह रहा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे धनुर्जय चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। सुबह पुराने बस डिपो के पास शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव के सिर पर चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक को आखिरी बार 2 युवकों के साथ देखा गया था। पुलिस ने बैकुंठपुर के 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी को हिरासत में लिया। दोनों से अलग-अलग पूछताछ की गई। शुरुआत में दोनों पुलिस को टालमटोल कर जवाब देते रहे। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो दोनों ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने पुलिस को घटना के बारे में पूरी जानकारी भी दी।
चक्रधर समारोह में लडक़ी के साथ दिखा था मृतक
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर को वे रामलीला मैदान में चक्रधर समारोह देखने गए थे। वहां धनुर्जय एक लडक़ी के साथ था। आरोपी शिवम बानी उस लडक़ी को पसंद करता था। लडक़ी के साथ धनुर्जय को देखकर उसने उसे रामलीला मैदान के पास बुलाया। इसके बाद शिवम बरेठ ने धनुर्जय का मोबाइल अपने पास रख लिया और 1 हजार रुपए देने पर मोबाइल वापस करने की बात कही। फिर दोनों आरोपी धनुर्जय को उसके मोबाइल के साथ पुराने बस डिपो की ओर ले गए। पुराने बस डिपो के पास दोनों आरोपियों ने धनुर्जय को उस लडक़ी से दोबारा नहीं मिलने-जुलने की बात कहकर धमकाया। इसके बाद उसका दोनों से विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने पत्थर से धनुर्जय के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
दोनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिवम बरेठ की आपराधिक प्रवृत्ति रही है। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में पहले भी मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटना का रिक्रिएशन कराया और अन्य जरूरी साक्ष्य भी जुटाए। दोनों को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।



