रायगढ़। जिले में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि, युवक ने शादी का वादा कर करीब 7 महीने तक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इंकार कर दिया। पीडि़ता की शिकायत पर चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय पीडि़ता ने 26 जुलाई को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि चक्रधरनगर क्षेत्र में काम करने के दौरान उसकी पहचान टीवी टावर क्षेत्र निवासी नरेंद्र कुमार बारिक उर्फ राजू (35) से हुई थी, जो चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करता है। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर युवती का विश्वास जीत लिया।
पीडि़ता के मुताबिक, 1 जनवरी से जुलाई 2026 के बीच आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब 21 जुलाई को युवती ने शादी की बात की, तो आरोपी ने साफ तौर पर शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद पीडि़ता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पीडि़ता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



