रायगढ़। जिले में जंगली सुअर का शिकार कर उसका मांस बेचने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पहले गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद फरार चल रहे उसके चार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग को 20 जुलाई को सूचना मिली थी कि जुनवानी सर्किल के ग्राम गेरवानी नदी के पास एक व्यक्ति जंगली सुअर का मांस बेचने जा रहा है। सूचना मिलते ही वन अमले ने दबिश देकर टीकाराम कंवर (48) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में टीकाराम कंवर ने बताया कि, बिजली के तार से हुकिंग कर जंगली सुअर का शिकार किया गया था। शिकार के बाद टांगी से काटकर करीब 7.5 किलो मांस थैले में भरकर गांव में बेचने ले जाया जा रहा था।
आरोपी ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि, वारदात में उसके चार बाकी साथी भी शामिल थे। इसके आधार पर वन विभाग ने जयप्रकाश धनवार (20), हीरा धनवार (26), कन्हैया यादव (26) और लखन यादव (26), सभी निवासी ग्राम छिंदभौना की तलाश शुरू की।
चारों फरार आरोपी भी गिरफ्तार
वन विभाग ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में उप वनमंडलाधिकारी (प्रशिक्षु आईएफएस) तन्मय कौशिक, रेंजर संजय लकड़ा, सर्किल प्रभारी जुनवानी ललित राठिया, राजकुमार सारथी, वनरक्षक कुशल कंवर, राहुल गुप्ता, सरोज भोय तथा परिसर रक्षक पालू साहू, तुलसी बसोड़ और दाताराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



