रायगढ़। जिले में दो अलग-अलग सडक़ हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
पहली घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है। टिकरापारा निवासी 53 वर्षीय उमेश ठाकुर अपने साथी संदीप शाह के साथ रविवार देर रात करीब 3 बजे बाइक से पटेलपाली मंडी सब्जी लेने जा रहे थे। इसी दौरान पटेलपाली के पास चंद्रपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उमेश ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप शाह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक वाहन छोडक़र फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
अज्ञात वाहन ने दो मजदूरों को कुचला
दूसरी घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पोढ़ीशंकर निवासी 24 वर्षीय नीतेश साहू, झालौंदा निवासी 40 वर्षीय मुकेश उर्फ मानसिंह चौहान और संदीप लदेर तराईमाल स्थित सिंघल कंपनी में मजदूरी करते थे। रविवार रात करीब 9 बजे तीनों बाइक से प्लांट जा रहे थे। दशमेश पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर जयपाल (24) और शिव सवार थे। टक्कर के बाद सभी सडक़ पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने सडक़ पर गिरे नीतेश और मुकेश को कुचल कर फरार हो गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में संदीप लदेर, जयपाल और शिव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। वहीं दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।



