रायगढ़। शहर की सकरी सडक़ों पर बेतरतीब पार्किंग के कारण हर दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। सुबह से देर शाम तक लोग इस समस्या से परेशान हो रहे हैं। यह स्थिति शहर के यातायात को लगातार बाधित कर रही है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि शहर के हटरी चौक से लेकर पुराना शनि मंदिर तक की सडक़ें समय के हिसाब से काफी सकरी हो गई है, इसके बाद इस मार्ग पर वाहनों के अव्यवस्थित पार्किंग के चलते हर दिन लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। इस मार्ग पर दोपहिया से लेकर चार पहिया वाहन तक कहीं भी खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे आवागमन के लिए जगह कम बचती है और जाम लग जाता है। इसके बावजूद, नगर निगम और यातायात पुलिस की ओर से इस व्यवस्था को सुधारने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। जिम्मेदार विभागों की यह अनदेखी समस्या को और गंभीर बना रही है। कई व्यवसायी भी अपनी दुकानों के सामन को सडक़ तक फैला देते हैं तो वहीं वाहनों को खड़ा कर माल की लोडिंग-अनलोडिंग भी करते हैं, जिससे यातायात रुक जाता है। खासकर व्यस्ततम बाजारों और मुख्य चौराहों पर यह नजारा आम हो गया है। इस अव्यवस्था के चलते आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक जाम के कारण न केवल समय की बर्बादी होती है, बल्कि वाहन चालकों और यात्रियों में तनाव भी बढ़ता है। कई बार आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस और दमकल वाहनों को भी जाम के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, इसके बाद भी न तो इस सकरी सडक़ की चौड़ीकरण हो रही है और न ही व्यवस्था सुधारने कोई और पहल होता नजर आ रहा है। जिसको लेकर राहगीरों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
इन जगहों पर ज्यादा समस्या
उल्लेखनीय है कि शहर का हृदय स्थल कहे जाने वाला हटरी चौक से पुराना शनि मंदिर चौक तक यह समस्या ज्यादा रहती है। हालंाकि इस समस्या को देखते हुए सडक के बीच में डिवाईर भी बनाया गया है, लेकिन सडक़ें सकरी होने के कारण कुछ खास लाभ होता नजर नहीं आ रहा है। साथ ही आमजन भी दुकानों के सामने अपनी बाइकें खड़ी कर दुकान के अंदर चले जाते हैं, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को ज्यादा दिक्कते होती है। ऐसे में देखा जाए तो इन दिनों सुभाष चौक, गद्दी चौक, हंडी चौक, रामनिवास टाकीज चौक से पुराना शनिमंदिर रोड सहित ओवरब्रिज के पास ज्यादा ही जाम की स्थिति रहती है।



