रायगढ़। बुधवार को सुबह नारायणपुर से यात्रियों को लेकर रायगढ़ आ रही द्विवेदी बस रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र के तेजपुर के पास सामने से आ रही ट्रक से टकरा गई, इससे बस के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस में सवार करीब 15 यात्री घायल हो गए, जिसमे से 7 यात्रियों को गंभीर चोट लगने से पत्थलगांव अस्पताल रेफर किया गया है।
इस संंबंध में मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को सुबह द्विवेदी बस यात्रियों को लेकर नारायणपुर से रायगढ़ की ओर जा रही थी। इस दौरान धरमजयगढ़ के रैरूमाखुर्द पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम तेजपुर के पास पहुंची ही थी कि सामने से एक ट्रक चालक वाहन को तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए आया और बस को सामने से जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बस के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं इस हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। वहीं इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दिया। जिससे रैरूमा थाना प्रभारी इंगेश्वर यादव अपने दल के बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया। 15 घायल यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों जांच करने पर सात लोगों की स्थिति गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल पत्थलगांव रेफर कर दिया। वहीं बाकी यात्रियों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए यह मार्ग अवरुध हो गया था। जिससे पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के बाद दोनों वाहनों को सडक़ से किनारे कराया, तब जाकर यातायात व्यवस्थित हो सका।
ये यात्री हुए घायल
बस-ट्रक हादसे में घायल यात्रियों में अमित एक्का (20 वर्ष), माधुरी दास (16 वर्ष), सरस्वती दास (35वर्ष), सुकान्ति वैष्णव (35 वर्ष), मंजीता टोप्पो (30 वर्ष), अरविन्द दास (20 वर्ष), सुचिता एक्का (35 वर्ष), विजय एक्का (42 वर्ष), अमित जेरी टोप्पो (42 वर्ष), अयोध्या विश्वकर्मा (48 वर्ष), अमर साय राम (64 वर्ष), दयामनी देवी (55 वर्ष) और सुरेन्द्र यादव (55 वर्ष) सहित अन्य यात्री शामिल हैं। वहीं, सामान्य चोट वाले कुछ यात्री प्राथमिक उपचार के बाद घटनास्थल से ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। वहीं बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण यह हादसा होने की बात कही जा रही है, हालांकि अब पुलिस जांच के बाद ही सही कारण सामने आ सकेगा।
द्विवेदी बस व ट्रक में भिड़ंत, 15 यात्री घायल, 7 गंभीर
नारायणपुर से रायगढ़ आ रही थी यात्री बस, रैरूमाखुर्द क्षेत्र के तेजपुर के पास हुआ हादसा



