रायगढ़। टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे एक परिवार के बैग से 2.74 लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी हो गए। परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। पीडि़त को चोरी की भनक तब लगी, जब रायगढ़ पहुंचकर घर में बैग खोला गया। शिकायत पर जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधीनगर केलो विहार निवासी 41 वर्षीय यज्ञनारायण सोनी ने जीआरपी में दर्ज शिकायत में बताया कि, वह पत्नी और दो बच्चों के साथ कोतमा में साली की शादी में शामिल होने गए थे। इसके बाद रिश्तेदारी में रुकने के बाद शनिवार रात चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस से बिलासपुर पहुंचे। रविवार सुबह करीब 6 बजे बिलासपुर स्टेशन से परिवार टिटलागढ़ पैसेंजर में सवार हुआ। उन्होंने अपने दो ट्रॉली बैग सीट के पास रख दिए। सफर के दौरान उन्हें नींद आ गई। पीडि़त के अनुसार जयरामनगर स्टेशन के पास उनकी नींद खुली तो तीन अज्ञात युवक ट्रॉली बैग के आसपास बैठे दिखाई दिए। बाद में नैला स्टेशन पहुंचने पर तीनों युवक नजर नहीं आए। उस समय बैग अपनी जगह रखा हुआ था, इसलिए किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।
घर पहुंचने पर खुला चोरी का राज
रायगढ़ पहुंचने के बाद परिवार घर चला गया। दोपहर में जब बैग खोला गया तो उसके अंदर रखा जेवरों का बॉक्स गायब मिला। बॉक्स में सोने का हार, मंगलसूत्र, बिंदिया समेत करीब 2 लाख 74 हजार रुपए के आभूषण रखे थे।
अपराध दर्ज
पीडि़त ने बैग के आसपास बैठे तीन संदिग्ध युवकों पर चोरी का संदेह जताते हुए शिकायत दर्ज कराई है। जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305(सी) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रेन और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।



