रायगढ़। सहारा इंडिया में निवेश करने वाले लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और निवेशकों का पैसा वापस दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता नरेश कंकरवाल के नेतृत्व में तहसीलदार के माध्यम से जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रभावित निवेशकों ने भारी बारिश के बीच गांधी प्रतिमा स्थल पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन भी किया और न्याय की गुहार लगाई।
ज्ञापन में कहा गया है कि सहारा इंडिया में जिले के हजारों गरीब, मजदूर एवं मध्यमवर्गीय लोगों की वर्षों की जमा-पूंजी फंसी हुई है, जिससे निवेशकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में प्रशासन से पांच प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें सहारा इंडिया के सभी फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, महिला आरोपियों की संपत्ति जब्त कर नीलामी की कार्रवाई, निवेशकों की राशि हड़पने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करना, आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की जांच कर उन्हें कुर्क करना तथा कुर्क की गई संपत्तियों की नीलामी कर निवेशकों का पैसा वापस दिलाने की मांग शामिल है। ज्ञापन सौंपने वालों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो निवेशकों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में सहारा इंडिया के निवेशक उपस्थित रहे।
भारी बारिश के बीच सहारा निवेशकों ने दिया धरना
आरोपियों के गिरफ्तारी व राशि वापसी की उठाई मांग, तहसीलदार के माध्यम से जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन



