रायगढ़। जिले में मायके आई एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय विवाहिता ने शनिवार को धरमजयगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने बताया कि वह अपने ससुराल से मायके घूमने आई हुई थी। 25 मई को वह घर से कुछ दूरी पर स्थित बोरबाड़ी की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव का परिचित युवक बनेश्वर राठिया (25), निवासी ग्राम तरेकेला वहां पहुंचा और उसके साथ जबरदस्ती की।
पीडि़ता के अनुसार घटना के बाद आरोपी ने किसी को जानकारी देने पर धमकी दी। भय और मानसिक तनाव के कारण वह तत्काल किसी को घटना के बारे में नहीं बता सकी। बाद में जब वह अपने ससुराल लौटी तो उसने पूरी घटना अपने पति को बताई। पति की सलाह पर महिला धरमजयगढ़ थाना पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को पुलिस गंभीरता से ले रही है। ऐसे मामलों में सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना या महिला संबंधी अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
शादीशुदा महिला के साथ रेप, पति को बताने के बाद पहुंची थाने, गिरफ्तार



