रायगढ़। रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में जिले में गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचारी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत रायगढ़ जिले के चयनित शिक्षकों का दल एडवांस ट्रैवल कोच प्रोग्राम में भाग लेने के लिए म्हसवड (जिला सातारा), महाराष्ट्र के लिए रवाना हुआ। यह प्रशिक्षण 5 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा।रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने सभी प्रतिभागी शिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण केवल व्यक्तिगत विकास का अवसर नहीं, बल्कि पूरे रायगढ़ जिले की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण अवधि के दौरान अनुशासन, समयपालन एवं संस्थान के सभी नियमों का पूर्णत: पालन करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त नवीन शिक्षण पद्धतियों, नेतृत्व कौशल, नवाचारों एवं व्यवहारिक अनुभवों को जिले के प्रत्येक विद्यालय तक पहुँचाना सभी प्रतिभागियों का दायित्व है। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं गतिविधि-आधारित शिक्षा का लाभ मिलेगा तथा जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि रायगढ़ की टीम प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम गौरवान्वित करेगी तथा लौटने के बाद अपने अनुभवों को अन्य शिक्षकों के साथ साझा कर शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करेगी।
रायगढ़ के शिक्षकों का दल एडवांस ट्रैवल कोच प्रोग्राम हेतु महाराष्ट्र रवाना



