रायगढ़। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन का दो दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन आगामी सितंबर माह में अंबिकापुर में होगा जानकारी देते हुए संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष कमल मित्तल ने बताया कि उक्त प्रस्तावित द्वि-दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। इसी क्रम में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ समाजसेवी प्रहलाद राय अग्रवाल एवं धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से सौजन्य भेंट कर अधिवेशन की रूपरेखा एवं संगठन की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल से संगठन के संरक्षक पद का दायित्व स्वीकार करने का आग्रह किया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए संगठन के प्रति अपनी आत्मीयता व्यक्त की। साथ ही उन्होंने सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में प्रस्तावित द्वि-दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन के सफल आयोजन हेतु अपनी पूर्ण सहमति, शुभकामनाएँ एवं हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें संगठन द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक एवं सेवा प्रकल्पों की जानकारी भी दी। मंत्री श्री अग्रवाल ने संगठन की समाजोपयोगी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को संगठित करने,नई पीढ़ी को जोडऩे तथा सेवा के संस्कारों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय अग्रवाल संगठन के संरक्षक जयदेव सिंघल, निवृत्तमान प्रांतीय अध्यक्ष नेतरामअग्रवाल,प्रांतीय अध्यक्ष डॉअशोक अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य संजीव अग्रवाल उपस्थित रहे।



