रायगढ़। शहर के वार्ड क्रमांक 10 स्थित भानुप्रताप कॉलोनी में रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान ने क्षेत्र का दौरा कर निर्माणाधीन विकास कार्यों एवं साफ-सफाई व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वार्ड पार्षद मोहम्मद नवाब, अन्य जनप्रतिनिधि, एमआईसी सदस्य तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान महापौर ने क्षेत्र की सडक़ों, नालियों, साफ-सफाई व्यवस्था एवं चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरे किए जाएं तथा सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।महापौर ने वार्डवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। स्थानीय लोगों ने सडक़, नाली, जल निकासी, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए और कहा कि आम जनता की सुविधा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि नगर निगम लगातार शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। प्रत्येक वार्ड में नियमित निरीक्षण कर जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने अपनी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान का आश्वासन देने पर महापौर का आभार भी व्यक्त किया।इस अवसर पर एमआईसी सदस्य मुक्तिनाथ बबुआ, अमित शर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।



