रायगढ़। प्रयाग संगीत समिति, प्रयागराज से संबद्ध सौरभ श्याम संगीत सृजन केंद्र बोईरदादर रायगढ़ में वार्षिक प्रायोगिक परीक्षा का सफल आयोजन दिनांक 20 और 21 जून 2026 को संपन्न हुआ। इस क्रियात्मक परीक्षा में रायगढ़ एवं अलग अलग क्षेत्र से कुल 214 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्थान की संचालिका श्रीमती हेमकांति पटेल द्वारा जानकारी दी गई कि परीक्षा में 181 विद्यार्थी गायन, वादन एवं नृत्य विषयों में तथा 33 विद्यार्थी चित्रकला विषय में सम्मिलित हुए। विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कला के प्रति अपनी प्रतिभा और समर्पण का परिचय दिया।
प्रायोगिक परीक्षा के लिए प्रयाग विश्वविद्यालय द्वारा अधिकृत संगीत विशेषज्ञ शंकर झा, अंबिकापुर से परीक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की तथा निरंतर अभ्यास और अनुशासन के माध्यम से कला के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि सौरभ श्याम संगीत सृजन केंद्र वर्ष 2019 से संचालित हो रहा है जो प्रयाग संगीत समिति, प्रयागराज से संबद्ध है जिसके केन्द्र अधीक्षक और संगीत गुरु उग्रसेन पटेल ने बताया कि संस्थान में शास्त्रीय संगीत गायन, भाव- संगीत, सिंथेसाइजर , गिटार , तबला, शास्त्रीय कथक नृत्य एवं चित्रकला की विधिवत् गुणवत्तापूर्ण उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान की जाती है। प्रतिवर्ष यहां 200 से अधिक विद्यार्थी विभिन्न विषयों की परीक्षाओं में सम्मिलित होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। संस्थान प्रबंधन ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं सभी परिक्षार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया । इस संस्था से सम्बद्ध प्रशिक्षक /संगीत गुरु के रूप में विद्यमान उग्रसेन पटेल, श्री छवि मालाकार, श्री ईश्वर दास महंत, श्री ताराचंद मेहर,सुश्री प्रेरणा देवांगन, श्रीमती संगीता देवतले, श्रीमती पूजा जैन और श्रीमती तब्बू परवीन द्वारा प्रशिक्षित विद्यार्थी शामिल हुए। प्रबंधन समिति ने परिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सौरभ श्याम संगीत सृजन केंद्र में प्रायोगिक परीक्षा संपन्न



