रायगढ़। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। एसएसपी के निर्देश पर धरमजयगढ़ पुलिस ने बीती रात घेराबंदी कर मवेशियों से भरे ट्रक और एक बाइक को जब्त किया। पुलिस को देखकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि छाल रोड पर कीदा से पुरूंगा के बीच बड़ी संख्या में मवेशियों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक और बाइक छोडक़र फरार हो गए। तलाशी लेने पर ट्रक में करीब 70-80 मवेशी मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाने में खड़ा कराया है। धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई थी। तस्कर वाहनों को छोडक़र भाग गए। ट्रक में करीब 70-80 मवेशी मिले हैं। इन्हें कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई करेगी।
70-80 मवेशियों से भरा ट्रक पकड़ाया, वाहन छोडक़र भागे तस्कर



