पखांजूर। महाराष्ट्र के सुरजागढ़ खदान से खनिज परिवहन कर रहे भारी वाहनों को लेकर राजनीतिक और जन आंदोलन की आहट तेज हो गई है। अंतागढ़ विधानसभा यूथ कांग्रेस ने आज पखांजूर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन के बीच ज्ञापन सौंपा और रिहायशी क्षेत्रों से गुजर रहे भारी ट्रकों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अनिवास राय के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि महाराष्ट्र के सुरजागढ़ खदान क्षेत्र से खनिज लेकर आने वाले भारी वाहन बिना उचित व्यवस्था और नियंत्रण के पखांजूर नगर सहित आबादी वाले इलाकों से लगातार गुजर रहे हैं। इससे सडक़ें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही हैं और उड़ती धूल से आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
यूथ कांग्रेस का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लगातार आवाजाही से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। क्षेत्र में किसी भी समय बड़ा सडक़ हादसा होने की आशंका बनी हुई है, लेकिन प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाई जाए, वाहनों के परमिट एवं दस्तावेजों की सघन जांच हो, नगर क्षेत्र से बाहर वैकल्पिक बायपास मार्ग बनाया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों और वाहन संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। यूथ कांग्रेस ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन चरणबद्ध उग्र आंदोलन, सडक़ पर प्रदर्शन और चक्का जाम करने के लिए मजबूर होगा। आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सुरजागढ़ खदान के ट्रकों पर फूटा जनाक्रोश
चक्का जाम की चेतावनी, यूथ कांग्रेस ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन



