सारंगढ़। नगर के वार्ड क्रमांक 5 से जुड़े कथित धर्मांतरण मामले को लेकर सोमवार को सारंगढ़ सिटी कोतवाली परिसर में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मांतरण के आरोपों के संबंध में पुलिस द्वारा सुखबाई मिरी को पूछताछ के लिए सुबह सिटी कोतवाली बुलाया गया था। आरोप है कि पूछताछ के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी कोतवाली पहुंच गए तथा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे भुवन मिश्रा, अरुण यादव, मनोज जायसवाल, जय बानी, सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। कोतवाली परिसर में बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बना रहा। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। वहीं पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त करने का प्रयास किया और मामले की जांच नियमानुसार किए जाने की बात कही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



