रायपुर। रेलवे स्टेशनों पर आगजनी की घटनाओं और बढ़ती यात्री संख्या के बीच भारतीय रेल ने देशभर के स्टेशनों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने का फैसला किया है। ऑडिट के दौरान स्टेशनों पर मौजूद अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच की जाएगी और जहां भी कमियां मिलेंगी, वहां सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ऑडिट में स्टेशन भवन, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, एयर कंडीशनिंग और वेंटिलेशन सिस्टम, इमरजेंसी एग्जिट, फायर फाइटिंग सिस्टम, पानी की उपलब्धता, पंपिंग सिस्टम और स्प्रिंकलर सिस्टम समेत सभी महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
ऑडिट के दौरान यह भी देखा जाएगा कि, स्टेशनों पर निर्धारित फायर सेफ्टी मानकों और सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं। जिन स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था में खामियां पाई जाएंगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य किए जाएंगे। स्टेशनों की जांच के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें गठित की जाएंगी। जरूरत पडऩे पर विशेषज्ञ एजेंसियों और राज्य फायर विभाग की मदद भी ली जाएगी। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम तय किए जाएंगे। रेलवे सूत्रों के अनुसार ऑडिट के दौरान उन स्टेशनों की भी विशेष समीक्षा की जा सकती है, जहां पुनर्विकास या विस्तार कार्य चल रहे हैं। ऐसे स्टेशनों पर अस्थायी ढांचों, बिजली व्यवस्था और आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा।
रेलवे स्टेशनों का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट
इलेक्ट्रिकल सिस्टम, एसी प्लांट, इमरजेंसी एग्जिट और फायर फाइटिंग तक की होगी समीक्षा



