रायगढ़। जिले में लोईंग स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा में रविवार रात अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों ने बैंक परिसर से धुआं निकलते देखा। दमकल और पुलिस की टीम ने करीब 2 से 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात लोईंग स्थित ग्रामीण बैंक शाखा में अचानक आग भडक़ उठी। बैंक जिस भवन में संचालित हो रहा है, उसके ऊपरी हिस्से में मकान मालिक मनोज प्रधान का परिवार और बाकी किरायेदार रहते हैं। बैंक परिसर से धुआं निकलता देख परिजनों ने तत्काल बैंक प्रबंधन को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही बैंक प्रबंधक कुणाल कुमार ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग धीरे-धीरे पूरे परिसर में फैलने लगी। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि दमकल के पहुंचने तक बैंक के अधिकांश हिस्से में आग फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास कर करीब 2 से 3 घंटे बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से बैंक का फर्नीचर और कुछ महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलने की जानकारी सामने आई है।



