रायगढ़। लैलूंगा के ग्राम पंचायत गंजपुर, तहसील लैलूंगा के ग्रामीणों ने गांव के शासकीय विद्यालय भवन की बदहाल स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई है,ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों पुराना विद्यालय भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है, इसके बावजूद कक्षा पहली से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई उसी भवन में कराई जा रही है,ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं,और भवन की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही हैं, ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है, बावजूद इसके छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के छात्र-छात्राएं उसी भवन में शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि एक ही भवन में पहली से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित होने से विद्यार्थियों को उचित शैक्षणिक वातावरण नहीं मिल पा रहा है, वहीं जर्जर भवन में पढ़ाई होने से बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों के मन में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है,इसका प्रतिकूल प्रभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि नए विद्यालय भवन निर्माण की मांग को लेकर कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग को आवेदन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए,तत्काल नए विद्यालय भवन की स्वीकृति प्रदान की जाए, और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए और कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
जर्जर स्कूल भवन में पढऩे को मजबूर छात्र
पहली से 12वीं तक की कक्षाएं एक ही भवन में संचालित



