रायगढ़। “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कल थाना तमनार एवं चौकी खरसिया पुलिस द्वारा अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार 28 मई को थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम उत्तर रेगांव निवासी बसंत सिदार अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से हाथ भ_ी से निर्मित महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा दबिश दी गई। जांच के दौरान आरोपी बसंत सिदार पिता खगेश्वर सिदार, उम्र 35 वर्ष, निवासी उत्तर रेगांव के कब्जे से तीन नग पांच-पांच लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक जरीकेन में कुल 15 लीटर हाथ भ_ी से बनी महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3,000 रुपये है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। शराब रेड कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, आरक्षक रंजीत भगत, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार एवं थाना तमनार स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसी प्रकार चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में चौकी खरसिया पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध दो अलग-अलग कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई में तेलीकोट घरसापार क्षेत्र में घेराबंदी कर शैलेन्द्र महिस पिता स्व. केशव प्रसाद महिस, उम्र 35 वर्ष, निवासी महिस मोहल्ला तेलीकोट को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक थैले में रखी लगभग 7 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 1,400 रुपये है, बरामद की गई।
दूसरी कार्रवाई ग्राम अंजोरीपाली क्षेत्र में की गई, जहां सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दुबे सिंह राठिया पिता शिव सिंह राठिया, निवासी अंजोरीपाली को पकड़ा गया। आरोपी अपने साथ 15 लीटर क्षमता के प्लास्टिक डिब्बे में हाथ भ_ी से बनी महुआ शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में चौकी खरसिया की कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, महिला प्रधान आरक्षक ममता मिंज, आरक्षक साविल चंद्रा एवं आरक्षक कीर्ति सिदार की सक्रिय सहभागिता रही। रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
15 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
तमनार व खरसिया पुलिस की अवैध शराब पर कार्रवाई जारी



