रायगढ़. शहर के पचधारी डेम में रविवार दोपहर एक बार फिर नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने युवक के शव को पानी से निकलाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संंबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम रियापाली निवासी अजय सिदार (25 वर्ष) एनटीपीसी लारा में काम करता था। ऐसे में रविवार को छुट्टी होने के कारण वह अपने चार दोस्तों के साथ पचधारी डेम घूमने और नहाने पहुंचा था। जहां नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। जिसे देख उसके साथियों ने घटना की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी, इससे पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की टीम को बुलाई, इससे काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोताखोरों की टीम ने शाम करीब साढ़े 6 बजे युवक का शव बाहर निकाला गया। जिससे पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है, वहीं मृतक के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही परिजनों के आने पर सोमवार को मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि गोवर्धनपुर स्थित पचधारी डेम में हर साल डूबने की घटनाएं सामने आती रहती है। लगातार हादसों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा डेम के दोनों ओर नहाने पर प्रतिबंध संबंधी चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद लोग चेतावनियों को नजरअंदाज कर बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं, खासकर गर्मी के दिनों और रविवार को यहां मेले जैसा माहौल देखने को मिलता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करने पहुंचती जरूर है, लेकिन लोगों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही। एक बार फिर हुए इस हादसे ने प्रशासनिक इंतजामों और लोगों की सतर्कता दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पचधारी डैम में डूबने से एनटीपीसी कर्मचारी की मौत
प्रतिबंध के बाद भी रोज लगती है लोगों की भीड़



