रायगढ़। फरार आरोपियों के लिए पुलिस द्वारा ऑपरेशन तलाश अभियान चलाया जा रहा है। जहां इस अभियान के तहत लंबे समय से फरार धोखाधड़ी के आरोपी को पुलिस ने जगदलपुर से गिरफ्तार की है। आरोपी ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन के नाम पर 6 लाख 93 हजार की धोखाधड़ी की थी। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक साल 2025 में बोइरदादर कृष्ण वाटिका का रहने वाला राकेश कुमार नागवानी 43 साल ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह वाहन खरीदी-बिक्री का कार्य करता है। साल 2021 में उसने अलग-अलग फायनेंस कंपनियों की नीलामी से करीब 50 वाहन, कार, ट्रैक्टर व जेसीबी मशीन खरीदी थी। पुराने मॉडल के इन वाहनों का पंजीयन आरटीओ कार्यालय से कराने के नाम पर जगदलपुर के लालबाग निवासी अजय कुमार पिल्लई 40 साल और उसके साथी विपिन साहू ने खुद को आरटीओ एजेंट बताकर उससे संपर्क किया। इसके बाद वाहनों के रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करने के नाम पर समय-समय पर राकेश कुमार से रुपये की मांग की। बाद में अजय कुमार पिल्लई व उसके साथी ने कुछ वाहनों के रजिस्ट्रेशन दस्तावेज उपलब्ध कराए, पर जांच में जानकारी हुई कि वाहन राकेश के नाम पर पंजीकृत न होकर अन्य व्यक्तियों के नाम पर दर्ज किए गए थे।
जब राकेश नागवानी ने आरटीओ कार्यालय से जानकारी ली तो पूरे मामले में धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। इसके बाद मामले में शिकायत की जांच डीएसपी द्वारा की गई, जिसमें आरोपियों द्वारा वाहन पंजीयन के नाम पर 6 लाख 93 हजार रुपए लेकर धोखाधड़ी करना पाया गया। इस आधार पर थाना चक्रधरनगर में 29 जुलाई 2025 को अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया।
दो चेक में एक चेक हो गया बाउंस
जांच के दौरान राकेश कुमार नागवानी ने यह भी बताया कि शिकायत के बाद आरोपी द्वारा रकम लौटाने के नाम पर दो चेक दिए थे। जिनमें एक चेक बाउंस हो गया और दूसरा गलत जानकारी देकर दिया गया था। जिससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी जानबूझकर धोखाधड़ी कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई गई और आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर पुलिस टीम को जगदलपुर रवाना किया। जहां दबिश देकर पुलिस ने आरोपी अजय कुमार पिल्लई को हिरासत में लिया और रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है।



