लैलूंगा। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले विद्यालय की गरिमा उस समय धूमिल हो गई, जब एक शिक्षक के शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया। यह घटना लैलूंगा विकासखंड के प्राथमिक शाला छातासराई की है, जहां पदस्थ सहायक शिक्षक कुष्टो राम भोय पर नशे की हालत में विद्यालय आने का आरोप लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षक के इस व्यवहार से विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों और पालकों का कहना है कि शिक्षक प्रतिदिन शराब के नशे में स्कूल पहुंचते हैं, जिससे न केवल शैक्षणिक वातावरण खराब हो रहा है, बल्कि बच्चों के भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार शिक्षक को समझाइश दी गई, लेकिन उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। अंतत: ग्रामीणों और शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने संकुल समन्वयक को पंचनामा सौंपते हुए संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पंचनामा में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिक्षक विद्यालय समय में शराब के नशे में पाए गए और कई बार बिना सूचना के अनुपस्थित भी रहते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
शराबी शिक्षक से शिक्षा के मंदिर हुआ शर्मसार
जनप्रतिनिधियों व पालकों में आक्रोश



