रायगढ़। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया। इससे उसमें सवार पति-पत्नी की मौत हो गई तो वहीं उसकी बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। उक्त घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम बिजना निवासी रोहिणी चौधरी (50 वर्ष) अपनी पत्नी रजनी चौधरी (45 वर्ष) व बेटी भारती चौधरी (14 वर्ष) के साथ एक ही बाइक में रविवार को घरघोड़ा की तरफ जा रहा था। ऐसे में शाम करीब 4 बजे के आसपास रोहिणी चौधरी घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम अमलीडीह रोड पर पहुंचा था, तभी घरघोड़ा की ओर से एक ट्रेलर चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए आया और सामने से उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे रोहिणी चौधरी का परिवार बाइक समेत दूर जा गिरा। इस हादसे में रोहिणी और उसकी पत्नी रजनी चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई तो उसकी बेटी भारती चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू करते हुए घटना की सूचना पुलिस को दिया, इससे तीनों को तत्काल घरघोड़ा अस्पताल भेजा गया। इससे डाक्टरों ने पति-पत्नी को प्राथमिक जांच में ही मृत घोषित कर दिया तो उसकी बेटी भारती को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। वहीं बताया जा रहा है कि भारती की भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद खेत में घुसा ट्रेलर
इस संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेलर की रफ्तार इनती तेज थी कि चालक ने वाहन को नियंत्रण नहीं कर पाया और बाइक सवार दंपत्ति को ठोकर मारते हुए खेत में जा घुसा। ऐसे में अगर कोई और वाहन उसके आसपास होता तो वह भी क्षतिग्रस्त हो गया होता। ऐसे में पुलिस ने परिजनेां की रिपोर्ट पर ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या कहती है पुलिस
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई है। जिससे उनके आने पर शवों का पंचनामा कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में अब सोमवार को पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंपा जाएगा। साथ ही घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, लेकिन उसकी भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।



