रायगढ़। विगत दो साल से रेलवे स्टेशन में निमार्ण कार्य चल रहा है, लेकिन अभी तक एक भी काम पूर्ण नहीं हो सका है, इसके चलते सफाई कर्मी भी आधे-अधूरे सफाई कर अपना पल्ला झाड़ते नजर आते हैं, लेकिन अब जीएम के आगमन की सूचना मिलते ही सफाई कार्य जोरों पर शुरू हो गया है।
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ स्टेशन में अमृत भारत योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को बिलासपुर डीवीजन के जीएम आने वाले हैं, जिसकी जानकारी दो दिन पहले ही स्थानीय अधिकारियों को मिल गई है। इसके लिए यहां की व्यवस्था का देखरेख करने के लिए बिलासपुर से टीम पहुंची है तो वहीं अधिकारी व ठेकेदार पूरी तनमन से अपने कार्य में जुट गए हैं। ऐसे में जहां साफ-सफाई में कोताही बरती जाती थी तो अब सफाई ठेकेदार ने प्लेटफार्म को चमकाने के लिए दूसरे स्टेशन भी सफाई कर्मी को बुला लिया है, जो सुबह से लेकर रात तक लगातार लगे हुए हैं।
इस दौरान प्लेटफार्म से लेकर रेलवे पटरी व स्टेशन परिसर की सफाई जोरों पर चल रहा है। इसके अलावा प्लेटफार्म में लगे जहां सार्वजनिक नलों से हमेशा पानी टपकते रहता था, उसे भी आनन-फानन में सुधार किया जा रहा है, ताकि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की कमी नजर नहीं आए। बताया जाता है कि रेलवे जीएम स्टेशन के निर्माण कार्यो के अलावा प्लेटफार्म में उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी जायजा लेने वाले हैं, इससे अब दो दिन पहले से ही पूरा प्लेटफार्म चमकने लगा है।
क्या कहते हैं यात्री
इस संबंध में स्टेशन आए यात्रियों का कहना था कि पहले जहां प्लेटफार्म में चारों तरफ धूल डस्ट पड़ा रहता था, वहीं आज पूरी तरह से साफ हो चुका है। इसके अलावा दो नंबर प्लेटफार्म की कुर्सियों की ऐसी हालत रहती थी कि बगैर खुद से साफ किए उस पर बैठने के लायक नहीं रहते थे, लेकिन बुधवार से उसकी भी तीन से चार बार सफाई हो रहा है। ऐसे में अगर इसी तरह अधिकारियों का दौरा होता रहता था, व्यवस्था काफी दुरुस्त रहता।
खरसिया से पहुंचे सफाई कर्मी
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ स्टेशन में हर दिन आवश्यकता से कम सफाई कर्मी मौजूद रहते हैं, जिसके चलते यहां सुबह-शाम ही सफाई कार्य हो पाता है। ऐसे में अब जीएम के दौरा को लेकर खरसिया स्टेशन से भी ठेकेदार ने पांच सफाई कर्मचारियों को बुलवाया है। बताया जा रहा है कि अब अगले तीन दिनों तक यहां पर्याप्त मात्रा में सफाई कर्मी मौजूद रहेंगे, जो प्लेटफार्म से लेकर स्टेशन परिसर व रेलवे टैक की सफाई करेंगे।



