रायगढ़। जिले में पुलिस ने सरगुजा के दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों तस्कर बाइक से गांजा बेचने जा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ा है। यह मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, तमनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो लोग मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर हमीरपुर, धौराभांठा, हुंकराडीपा और कुंजेमुरा होते हुए पत्थलगांव की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने तुरंत बांधापाली पंडरी डबरी तालाब के पास मुख्य सडक़ पर घेराबंदी की और एक बिना नंबर नीले-काले रंग की मोटरसाइकिल को रोका। पूछताछ में पता चला कि मोटरसाइकिल चालक सुरेंद्र कुमार राजवाड़े (उर्फ पिंटू), 33 साल, निवासी रफेली थाना दरिमा जिला सरगुजा और पीछे बैठे व्यक्ति नरेश यादव, 35 साल, निवासी रतनपुर पाठीपारा थाना सीतापुर जिला सरगुजा हैं। तालाशी में उनके पास से 12.410 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपए है, जो प्लास्टिक बोरी में अलग-अलग पैकेटों में रखा गया था।
1 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों की बाइक और मोबाइल भी जब्त कर लिया। कुल मिलाकर उनके पास से 1,07,000 रुपए की संपत्ति जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
गांजा तस्करी करते सरगुजा के तस्कर पकड़ाए
बाइक से गांजा लेकर बेचने जा रहे थे, 70 हजार का गांजा समेत बाइक भी जब्त



