रायगढ़। 4 साल बाद चक्रधर समारोह को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया है। 10 दिनों तक चलने वाले 39वें चक्रधर समारोह का शुभारंभ 7 सितंबर को शहर के रामलीला मैदान में होगा। चक्रधर समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन जोर-शोर से लगा हुआ है। साथ ही देश के ख्याती प्राप्त कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के लिये भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। जिसकी तैयारियां जोरो पर है। वहीं कार्यक्रम में शामिल हाने का आमंत्रण लेकर आज कलेक्टर कार्तिकेया गोयल व पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल राजधानी रायपुर पहुंचे। जहां उन्होंने महामहिम राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मुलाकात कर कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। कलेक्टर-एसपी का आमंत्रण स्वीकार कर लिया गया है। जिससे सम्भावना जतायी जा रही है कि 39वें चक्रधर समारोह का शुभारंभ महामहिम राज्यपाल व मुख्यमंत्री के हाथों होगा।
रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज यहां राजधानी रायपुर स्थित निवास में कलेक्टर रायगढ़ कार्तिकेया गोयल और पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने सौजन्य मुलाकात कर 39वें चक्रधर समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार कर समारोह के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चक्रधर समारोह रायगढ़ की पहचान है। अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों ने समारोह में प्रस्तुति देकर इसके गौरव को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ से मैं सांसद रहा और इस आयोजन को करीब से देखा है। श्री साय ने कहा कि समारोह से मेरा भावनात्मक लगाव भी है। महाराजा चक्रधर ने रायगढ़ को अमूल्य सांस्कृतिक विरासत सौंपी है, जो लगातार समृद्ध हो रहा है। समारोह की लोकप्रियता का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि कलाकारों और कलाप्रेमियों को वर्ष भर इस समारोह का इंतजार रहता हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने स्थानीय लोक कलाकारों को भी समारोह में प्रमुखता के साथ शामिल करने को कहा।
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने मुख्यमंत्री से आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की। उन्होंने बताया कि 10 दिन तक चलने वाले समारोह में इस वर्ष भी बड़े कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। साथ ही समरोह में स्थानीय लोक कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
गौरतलब है कि 39वां चक्रधर समारोह 07 से 16 सितम्बर 2024 तक रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। शुभारंभ समारोह में पद्मश्री हेमा मालिनी नृत्य नाटिका ‘राधा रासबिहारी’ की प्रस्तुति देंगी और समापन समारोह में डॉ.कुमार विश्वास कविता पाठ करेंगे। समारोह के दौरान प्रतिदिन सायं 6 बजे से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में नामी कलाकारों द्वारा विभिन्न विधाओं में प्रस्तुतियां दी जाएगी।
राजभवन पहुंचे कलेक्टर-एसपी
रायगढ़। राज्यपाल रमेन डेका को रायगढ़ में आयोजित 39 वें चक्रधर समारोह में निमंत्रित करने के लिए रायगढ़ कलेक्टर कार्तिकेया गोयल व पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल आज राज भवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल डेका को समारोह का निमंत्रण पत्र सौंपते हुए चक्रधर समारोह के बारे में जानकारी दी और कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आग्रह किया।
वित्त मंत्री चौधरी को किया आमंत्रित
रायगढ़। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी से कलेक्टर कार्तिकेया गोयल और पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने सौजन्य मुलाकात कर उन्हें 39 वें चक्रधर समारोह के लिए आमंत्रण दिया। कलेक्टर गोयल ने वित्त मंत्री चौधरी को समारोह की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने चक्रधर समारोह के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
39वें चक्रधर समारोह का राज्यपाल या मुख्यमंत्री कर सकते हैं शुभारंभ
गर्वनर, सीएम व वित्त मंत्री को डीएम-एसपी ने दिया न्यौता, 10 दिन चलेगा 39वां चक्रधर समारोह, हेमामालिनी की नृत्य नाटिका के साथ होगा समारोह का आगाज़, ख्याति प्राप्त कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
