जशपुरनगर। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार जिला जशपुर में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। परिणामस्वरूप 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। यह सूची जिले के सभी मतदान केंद्रों एवं निर्धारित स्थलों पर उपलब्ध कराई गई है। चार माह तक चले इस व्यापक अभियान के उपरांत प्रकाशित अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल 6 लाख 22 हजार 85 मतदाता पंजीकृत हैं। प्रारूप ड्राफ्ट सूची के पहले 6,87,249 मतदाता थे। प्रारूप ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद यह संख्या 6,14,509 थी। अंतिम मतदाता सूची में 6,22,085 मतदाता शामिल है। इस प्रकार अंतिम सूची में 7,576 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।
एसआईआर अभियान के चरण –
राज्य भर में 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुए और चार महीने तक लगातार चले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाताओं से प्रपत्र प्राप्त किये गये। दावा एवं आपत्तियां 23 दिसम्बर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त की गईं तथा उनका निराकरण 14 फरवरी 2026 तक किया गया। इसके उपरांत 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।
विधानसभा अनुसार आंकड़े
इसके अनुसार जशपुर विधानसभा में प्रारूप सूची में 2,15,234 मतदाता थे, जो अंतिम सूची में बढक़र 2,17,369 हो गए हैं। इस क्षेत्र में 2,133 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई, जो लगभग 0.98 प्रतिशत है। कुनकुरी विधानसभा में प्रारूप सूची में 1,88,462 मतदाता थे, जो अंतिम सूची में बढक़र 1,91,334 हो गए। यहां 2,593 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई, जो लगभग 1.50 प्रतिशत है। इसी प्रकार पत्थलगांव विधानसभा में प्रारूप सूची में 2,10,813 मतदाता थे, जो अंतिम सूची में 2,13,382 हो गए। इस क्षेत्र में 2,306 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई, जो लगभग 1.20 प्रतिशत है। पूरे जिले में कुल 7,260 नाम जोड़े गए तथा 166 नाम हटाए गए, जिससे कुल 7,032 का शुद्ध परिवर्तन दर्ज किया गया।
प्रक्रिया और पारदर्शिता-
एसआईआर की घोषणा के बाद से ही जिले में 6,87,249 मतदाताओं को गणना फॉर्म के वितरण से लेकर उनके डिजिटलीकरण का कार्य मिशन मोड पर किया गया। इस दौरान जो गणना फॉर्म मृत मतदाता, स्थायी स्थानांतरण या अनुपस्थिति के कारण वापस नहीं मिले, उनकी पुष्टि के लिए बूथ लेवल अधिकारियों और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के बीच बैठकें आयोजित की गईं। जिले में इन बैठकों के अंत में, जिन मतदाताओं के गणना फॉर्म वापस नहीं आए, उनकी सूची विधानसभा क्षेत्रवार जिला निर्वाचन अधिकारी जिला जशपुर की वेबसाइट और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट पर प्रकाशित की गई थी। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची की दो प्रतियां 1 फोटोयुक्त प्रिंटेड और 1 फोटोरहित सॉफ्ट कॉपी निशुल्क साझा की गई है।
मतदाता सूची की जांच ऐसे करें-
मतदाता अपनी जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट, वोटर पोर्टल, ईसीआईनेट मोबाइल एप, संबंधित बीएलओ अथवा जिला निर्वाचन, ईआरओ, एईआरओ कार्यालय के माध्यम से जांच सकते हैं। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में सम्मिलित नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन कर सकता है। नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि होने की स्थिति में फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में सम्मिलित न हो। 01 जनवरी 2026 की पात्रता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरा कर चुके युवा भी प्रपत्र संख्या-6 भरकर भविष्य में प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। भविष्य में समय-समय पर होने वाले आवश्यक संशोधनों के अनुसार, नागरिक प्रपत्र संख्या 6, 7 और 8 भी भर सकेंगे। एसआईआर के दौरान आगामी अर्हता तिथि 01 अक्टूबर 2026 के संदर्भ में भावी मतदाताओं से आवेदन प्रपत्र 6 में प्राप्त किया गया है।
व्यापक डिजिटलाइजेशन और घर-घर सर्वे –
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान जिले में 6,87,249 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए। इनमें से 6,14,509 मतदाताओं से प्रपत्र प्राप्त हुए, उनका पूर्ण डिजिटलीकरण किया गया। 928 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया, जिसके दौरान 23,675 मृत मतदाताओं, 35,352 स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं तथा 6,109 दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान की गई।
नवीनतम फोटोग्राफ भी मतदाता सूची में शामिल
एसआईआर अभियान के दौरान नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में सम्मिलित किए गए हैं। इस अभियान को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु 3 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), 34 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ), 928 बीएलओ तथा 1,558 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सहित अनेक स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही। राजनीतिक दलों तथा अन्य संगठनों का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
कलेक्टर ने जताया आभार-
अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रोहित व्यास (आईएएस) ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित जिले के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया की शुद्धता, पारदर्शिता और समावेशिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



