रायगढ़। फ्लाईएस लोडिंग करने जाते समय एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से टकरा गई, इससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार झारखंड प्रांत के गढ़वा जिला थाना मझवां के ग्राम तलाशबरिया निवासी मुकेश पासवान पिता वीरेंद्र पासवान (26 वर्ष) विगत चार-पांच माह पहले रायगढ़ आया था और ट्रेलर चलाने का काम करता था।
ऐसे में शुक्रवार को सुबह से ही जामगांव स्थित एमएसपी प्लांट से फ्लाईएस लोड कर तिलगा में अनलोड कर रहा था, इससे दोपहर करीब एक बजे तिलगा से अनलोडिंग कर ट्रेलर को एसएसपी प्लांट लेकर पहुंचा तो इस दौरान उसकी वाहन की रफ्तार काफी तेज होने के कारण अनियंत्रित हो गई और सडक़ किनारे स्थित एक पेड़ से जाकर टकरा गई। इससे गंभीर चोट लगने से वाहन में ही अचेत हो गया। ऐसे में उसके पीछे आ रहे अन्य ट्रेलर चालकों ने देखा तो अपनी वाहन को रोककर उसे तत्काल बाहर निकाले और उपचार के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि चालक के सिर और सीना में गंभीर चोट लगने से मौत हुई है। शनिवार को घटना की सूचना पर चक्रधरनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
अधिक फेरा के चक्कर में हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि दिनभर में जो ट्रेलर चालक जितना फ्लाईएस गिराता है उसे उतना पैसा मिलता है। इसी बात को लेकर ट्रेलर चालक वाहन को अनियंत्रित गति से चलाते हुए अधिक फेरा लगाते हैं, जिससे कई बार इनके चपेट में आने से राहगीरों की मौत हो जाती है तो कई बार खुद दुर्घटनाग्रस्त होकर अपनी जान गवां देते हैं। इस घटना में भी यही बात सामने आ रही है। हालांकि अब पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मुआवजे को लेकर चलता रहा चर्चा
उल्लेखनीय है कि शनिवार को सुबह से मृतक के रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए थे, लेकिन मुआवजा को लेकर चर्चाएं चलती रही। ऐसे में दोपहर करीब 12 बजे ट्रेलर मालिक के आने पर उसके द्वारा मुआवजा देने के अश्वासन मिलने पर मर्ग कायम किया गया।



