रायगढ़। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में मंगलवार को महिला एवं बाल विकास विभाग ने सामूहिक विवाह का आयोजन किया। इस समारोह में जिले के 190 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया। यह आयोजन कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। सुबह से ही विवाह स्थल पर दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।

समारोह में शामिल जोड़ों में से 7 जोड़ों का विवाह क्रिश्चन रीति-रिवाज से अलग व्यवस्था में संपन्न कराया गया। 183 जोड़ों का विवाह हिंदू परंपराओं के अनुसार, वैदिक मंत्रोच्चार और हवन के साथ हुआ। एक हवन कुंड के सामने चार-चार जोड़ों को बैठाकर विवाह संस्कार कराए गए। पूरे पंडाल में मांगलिक वातावरण बना रहा। जिला कार्यक्रम अधिकारी एलआर कच्छप ने बताया कि, ये जोड़े जिले की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं से चयनित किए गए थे।
300 विवाह का लक्ष्य हुआ पूरा
रायगढ़ जिले को इस वर्ष 300 जोड़ों के विवाह कराने का लक्ष्य मिला था।
पहले ही 110 विवाह कराए जा चुके थे।
मंगलवार को 190 विवाह संपन्न होने के साथ लक्ष्य पूरा हो गया।
नववधुओं को मिली आर्थिक सहायता।
योजना के तहत प्रत्येक नववधु को 50,000 रुपस् की आर्थिक सहायता दी गई।
35,000 चेक या बैंक ड्राफ्ट के रूप में सीधे कन्या को।
– 7,000 वर-वधु के वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री के लिए।
– 8,000 विवाह आयोजन पर व्यय किए गए।
सामाजिक संस्थाओं ने भी दिया आशीर्वाद
इस कार्यक्रम में दिव्य शक्ति सामाजिक संस्था के सदस्य भी शामिल हुए। उन्होंने नवदंपत्तियों को उपहार और आशीर्वाद देकर इस विशेष अवसर को और यादगार बनाया।



