जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलैता चौक के करमीटीकरा मोहल्ले में एक शिक्षक के घर लूट की वारदात हुई। यह घटना 26 दिसंबर 2025 की रात करीब 12.00 से 12.30 बजे के बीच हुई। तीन नकाबपोश बदमाश शिक्षक गुलाब सिंह जगत के निजी मकान में पीछे का दरवाजा तोडक़र जबरन घुस आए। घटना के समय शिक्षक गुलाब सिंह जगत, उनकी पत्नी और दो बच्चे घर में मौजूद थे।
बदमाशों ने घर में घुसते ही लूटपाट शुरू कर दी। जब शिक्षक और उनके परिजनों ने विरोध किया, तो नकाबपोश आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में शिक्षक सहित उनके परिजनों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने सभी घायलों का तत्काल चिकित्सकीय उपचार कराया। बदमाश वारदात के दौरान घर से एक मंगलसूत्र, सोने की टॉप्स और एक मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। शिक्षक गुलाब सिंह जगत की रिपोर्ट पर पत्थलगांव थाना पुलिस ने अज्ञात नकाबपोश आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सूचना मिलते ही जशपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
लूट में तीन नकाबपोश आरोपी शामिल
पुलिस की प्राथमिक जांच में इस वारदात में तीन नकाबपोश आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों तक जल्द पहुंचने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की भी मदद लेना शुरू कर दिया है। आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है और संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा किया है। एसडीओपी पत्थलगांव धु्रवेश जायसवाल ने बताया कि करमीटीकरा क्षेत्र में एक शिक्षक के घर नकाबपोश बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। पीडि़त की रिपोर्ट पर तुरंत अपराध दर्ज कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में तीन नकाबपोश आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। घटना में घायल लोगों का इलाज कराया गया है। आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस टीम सक्रिय है और डॉग स्क्वॉड तथा साइबर सेल की मदद से जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
शिक्षक के घर का दरवाजा तोडक़र आधी रात नकाबपोशों ने की लूट
विरोध करने पर चाकू से हमला किया,गहने-मोबाइल लूटकर हुए फरार



