रायगढ़। नगर निगम में मेयर इन काउंसिल की बैठक हुई। बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान करीब 9.55 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। नगर निगम में महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में रूढ्ढष्ट की बैठक हुई। बैठक में शहर के विकास, पानी की व्यवस्था, सफाई, नाली और सडक़ निर्माण समेत 13 मुद्दों पर चर्चा की गई। पेंशन योजना से जुड़े मामलों पर भी बात हुई। बैठक में 13 लोगों को पात्र पाए जाने पर पेंशन योजना का लाभ देने की मंजूरी दी गई। वहीं परिवार सहायता योजना के तहत 9 महिलाओं को भी पात्र माना गया। एमआईसी ने इन जनहित से जुड़े मामलों को मंजूरी दे दी।
बैठक में शहर की पानी की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। 17 एमएलडी चांदमारी और 32 एमएलडी गोवर्धनपुर जल प्रदाय संयंत्र के साथ दोनों इंटेक वेल के संचालन और रखरखाव की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों जल संयंत्रों और इंटेक वेल का संचालन और रखरखाव मेसर्स चंद्र निर्माण प्राइवेट लिमिटेड कर रही है। पानी की सप्लाई बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित रूप से संचालन और रखरखाव का काम किया जा रहा है।
बैठक में महापौर निधि से अलग-अलग वार्डों में जरूरी विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। वार्ड नंबर 38 के तेंदूडीपा क्षेत्र में राखी के घर से किराना स्टोर और नाला तक नाली बनाने की मंजूरी दी गई। इससे इलाके में पानी निकासी की समस्या कम होगी। इसी तरह वार्ड नंबर 45 में भगवानपुर तालाब के पास वर्मा के घर से मनोज सिंह के घर तक सीसी सडक़ और नाली बनाने के लिए 5 लाख 11 हजार रुपए मंजूर किए गए।
सफाई व्यवस्था पर जोर
शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के जोन नंबर 1 से 7 तक अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई से जुड़े प्रस्ताव बैठक में रखे गए। एमआईसी सदस्यों ने शहर में नियमित और बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
विकास कार्यों में तेजी
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि शहर में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। नगर निगम की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इनका फायदा मिले। उन्होंने कहा कि सडक़, नाली, पानी, सफाई और दूसरी जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। जनहित से जुड़े कामों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।



