खरसिया। छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती के अवसर पर खरसिया ब्लॉक के खडग़ांव गांव में रविवार को आयोजित नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता अभियान में महिलाओं ने इतिहास रच दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना से हुई। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। आज खडग़ांव की महिलाएं सिर्फ घर नहीं, समाज की दिशा भी बदल रही हैं। खडग़ांव एक समय नशे के नाम से पूरे क्षेत्र में बदनाम था परंतु यहां की महिलाओं द्वारा नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए गाँव को जागरूक किया। जिसका पूरे गांव में धीरे धीरे असर हो रहा है और गांव नशे से दूर हो रहा है। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गवेल जिनके प्रेरणादायी उद्बोधन ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा जब एक महिला नशा मुक्त करने का संकल्प लेती है, तो वह केवल अपने परिवार को नहीं, बल्कि पूरे समाज को बचाती है। आज खडग़ांव की माताएं और बहनें जिस जोश से आगे आई हैं, यह अपने आप में मिसाल है। नशा हर घर की खुशियाँ छीन लेता है। हमें अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए इसे गांव से खत्म करना होगा। साथ ही डिजिटल युग में साइबर अपराधों से भी हमें सजग रहना है। जागरूक महिला, सशक्त समाज की पहचान है। श्रीमती शिखा गबेल जी ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर गांव में हो रही अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाएँ और प्रशासन को सहयोग दें। उन्होंने कहा कि समाज में परिवर्तन महिलाओं की शक्ति और जागरूकता से ही संभव है।
डरे नहीं आगे आए पुलिस और प्रशासन आपके साथ है : एसपी
पुलिस अधीक्षक रायगढ़ दिव्यांग पटेल ने कहा कि महिलाएं आगे आए और नशामुक्त अभियान में गाँव को जागरूक करें। आपको डरने की बिल्कुल जरूरत नहीं है अगर आपको कोई नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी करें तो पुलिस प्रशासन आपके साथ है। महिलाएं जब नशा मुक्ति का संकल्प लेती हैं, तो गांव अपने आप बदल जाता है। कार्यक्रम में महिलाओं ने खुलकर अपनी आवाज बुलंद की। खरसिया के खडग़ांव में महिलाओं ने संभाली कमान नशा छोड़ो, गांव बचाओ का दिया सशक्त संदेश। ग्राम पंचायत केवाली की सरपंच श्रीमती राजकुमारी राठिया और उपसरपंच भानमती राठिया ने गांव में चल रही अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने का आह्वान किया। मंच से महिलाओं ने एक सुर में नारा लगाया अब नशा नहीं चलेगा, खडग़ांव बदलेगा!
पत्रकारों ने एसपी का किया सम्मान
खरसिया विधानसभा के सुदूर ग्रामीण आदिवासी अंचल बरगढ़ खोला के ग्राम खडग़ांव में नशा मुक्त अभियान एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम में पहुंचने पर खरसिया के पत्रकारों कैलाश शर्मा, जयप्रकाश डनसेना, किशोर कुमार चौहान, हेमलाल कुर्रे ने रायगढ़ एसपी दिव्यांग पटेल का स्वागत किया और नशा मुक्त अभियान के लिए एसपी पटेल सर का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने साइबर अपराधों पर जानकारी देते हुए कहा कि महिलाएं आज डिजिटल रूप से सशक्त हो रही हैं, पर सावधानी जरूरी है। नशा मुक्त अभियान और साइबर जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल एसडीएम प्रवीण तिवारी, एसडीओपी प्रभात पटेल, थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रामकुमारी राठिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष कन्हैया राठिया, जिला कार्यसमिति सदस्य भूपेन्द्र वर्मा, मंडल अध्यक्ष छेदू राम राठिया, बजरंग सिदार चौकी प्रभारी जोबी राठौर जी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बरगढ़ खोला आंचल से लेकर दूर-दराज के गांवों से आईं सैकड़ों महिलाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। ढोल–मांदर की थाप पर महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी और नशा मुक्ति की मशाल जलाकर रजत जयंती के इस अवसर को यादगार बना दिया। अंत में पूरे मैदान में गूंज उठा नारा महिलाओं की शक्ति से बदलेगा समाज खडग़ांव बनेगा नशा मुक्त।
जनप्रतिनिधि- पुलिस द्वारा नशामुक्त अभियान साइबर जागरुकता कार्यक्रम सम्पन्न
जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा गवेल और पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल की उपस्थिति में हुआ आयोजन



