रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए मुख्य सचिव विकास शील के पदभार ग्रहण करते ही 14 आईएएस अफसरों के विभागीय प्रभार में फेरबदल किया गया है। जिसमें रायगढ़ जिला पंचायत में पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी आईएएस जितेंद्र यादव को राजनांदगांव का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं पी.दयानंद जनसंपर्क विभाग से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पर डॉ रोहित यादव की एंट्री हुई है।
जारी आदेश के मुताबिक कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं कुछ अधिकारियों को उनके मौजूदा प्रभारों से मुक्त भी किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार ने आदेश जारी किया है। इसके अलावा राज्य प्रशासनिक सेवा के 7 अधिकारियों का भी ट्रांसफर हुआ है।
आदेश के अनुसार आईएएस रेणु जी पिल्ले (1991 बैच) को अध्यक्ष, व्यापमं के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षा मंडल का अतिरिक्त प्रभार उनको सौंपा गया है। वहीं, सुब्रत साहू (1992 बैच) को 1 अक्टूबर से सेवानिवृत्त हो रहे टोपेश्वर वर्मा की जगह अध्यक्ष, राजस्व मंडल, बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आईएएस सोनमणि बोरा (1997 बैच) को प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। डॉ. रोहित यादव (2002 बैच) को सचिव, जनसंपर्क विभाग पदस्थ किया गया है। साथ ही ऊर्जा, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग और सीएसपीजीसीएल- सीएसपीडीसीएल के अध्यक्ष का दायित्व जारी रहेगा। वहीं जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे पी. दयानंद (2006 बैच) को इस दायित्व से मुक्त किया गया है।
पठारे अभिजीत बबन होंंगे रायगढ़ के नए सीईओ
जिला स्तर पर भी बदलाव हुए हैं। कलेक्टर सर्वेश्वर भुरे के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की वजह से उनकी जगह आईएएस जितेंद्र यादव (2019 बैच) को कलेक्टर राजनांदगांव बनाया गया है। जबकि पठारे अभिजीत बबन (2022 बैच) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रायगढ़ पदस्थ किया गया है।
मुकेश बंसल को विमानन विभाग की जिम्मेदारी
आईएएस अविनाश चंपावत (2003 बैच) को धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है। जबकि आईएएस मुकेश कुमार बंसल (2005 बैच) को सचिव, विमानन विभाग का दायित्व सौंपा गया है। आईएएस अंकित आनंद (2006 बैच) को सचिव, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी विभाग और पर्यावरण संरक्षण मंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आईएएस भुवनेश यादव (2006 बैच) को योजना और 20 सूत्रीय कार्यक्रम का प्रभार, कुलदीप शर्मा (2014 बैच) को राज्य वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। रवि मित्तल (2016 बैच) को संचालक विमानन और डॉ. फरिहा आलम (2016 बैच) को संचालक खाद्य के पद पर पदस्थ किया गया है। आईएएस लोकेश कुमार को श्रम विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
मुख्य-सचिव बदलते ही प्रशासनिक सर्जरी
रायगढ़ सीईओ जितेंद्र यादव बने राजनांदगांव कलेक्टर, 14 आईएएस को नई जिम्मेदारी, पी. दयानंद डीपीआर से बाहर, रोहित यादव की एंट्री
