रायगढ़। रात के अंधेरे में हाथी जंगल से निकलकर गांव के करीब तक पहुंच रहे हैं। मंगलवार की रात हाथी ने 15 किसानों के फसल को पैरों से रौंदकर बर्बाद कर दिया। जिसके नुकसान का आंकलन विभाग की तरफ से किया जा रहा है।
दरअसल, रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में एक हाथी सारढाप और कंटगडीह बस्ती के करीब पहुंच गया। सारढाप में ओम कुमार राठिया, उलस राम राठिया और पवन कुमार राठिया के धान फसल को हाथी ने बर्बाद किया है। इसके अलावा कंटगडीह में त्रिलोचन के तरबूज के फसल को काफी मात्रा में नुकसान पहुंचाया है। हाथी के आने की जानकारी ग्रामीणों को लगी, तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हाथी को खदेडऩे का प्रयास किया, लेकिन हाथी देर रात तक खेतों में था और बाद में वापस छाल रेंज की ओर चले गया।
धरमजयगढ़ में 11 किसानों का फसल नुकसान
बताया जा रहा है कि, धरमजयगढ़ में हाथियों ने काफी नुकसान पहुंचाया है। यहां 11 किसानों के फसल को हाथी दल ने बर्बाद किया है। इसमें धरमजयगढ़ वन मंडल के सागरपुर में 5 किसान, बेहरामार में 4 किसान और सिंघीझाप में 2 किसानों के फसल को नुकसान पहुंचाया है। सुबह वनकर्मी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करने में जुट गए हैं।
रायगढ़ के जंगल में 133 हाथी
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन मंडल में 133 हाथी विचरण कर रहे हैं। इसमें रायगढ़ में 26 और धरमजयगढ़ वन मंडल में 107 हाथी हैं। जिसमें नर 44, मादा 61 और शावक 28 की संख्या में हैं। इनकी विभाग निगरानी कर रहा है। साथ ही हाथी प्रभावित इलाके के जंगल में ग्रामीणों को न जाने की हिदायत दी जा रही है।
हाथियों ने 15 किसानों की फसल किया चौपट
रात में जंगल से निकलकर खेतों में पहुंच रहे, जिले में 133 हाथी कर रहे विचरण
