रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में अज्ञात नकाबपोश चोरों ने एक मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी कर ली। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें 4-5 चोर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। ग्राम कुडुमकेला के तेलीपाटा निवासी सेतराम साव (31) सडक़पारा मेन रोड पर ‘साव कंप्यूटर एंड मोबाइल’ नाम से दुकान संचालित करते हैं। 15 फरवरी की रात करीब 8.15 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। अगली सुबह पहुंचने पर शटर का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कपड़ा बांधकर चोर लोहे की रॉड से शटर तोडक़र अंदर घुसे और काउंटर में रखे मोबाइल बैग में भरकर ले गए। दुकान संचालक के मुताबिक चोर 43 नए मोबाइल, 40 पुराने मोबाइल, अन्य सामान और गल्ले में रखे 3 हजार कैश ले गए। चोरों ने सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़ लिया, लेकिन डीव्हीआर वहीं छोड़ दिया, जिससे पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। सेतराम साव ने बताया कि चोरी में लगभग 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आसपास तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मोबाइल दुकान में 5 लाख की चोरी
शटर तोडक़र 83 मोबाइल व नकद ले उड़े



